रीवा में 250 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, दो मैरिज गार्डनों पर चला बुलडोजर
रीवा में प्रशासन ने करीब 250 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. धोबिया टंकी क्षेत्र में संचालित उत्सव और विंध्य मैरिज गार्डन पर बुलडोजर कार्रवाई की गई. कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
रीवा, मध्य प्रदेश। रीवा में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 250 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई नगर निगम क्षेत्र के धोबिया टंकी के पास अनाथालय से लगी सरकारी जमीन पर की गई, जहां लंबे समय से उत्सव मैरिज गार्डन और विंध्य मैरिज गार्डन संचालित किए जा रहे थे।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने पहले भूमि का सीमांकन कराया। सीमांकन में सरकारी जमीन की पुष्टि होने के बाद बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।
प्रशासन के अनुसार दोनों मैरिज गार्डनों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर जमीन को कब्जामुक्त करा लिया गया है। कार्रवाई के दौरान राजस्व, नगर निगम और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
सरकारी जमीनों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिलेगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति या संस्था को सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलेभर में जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने बताया कि सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें।
Anubhav Dubey 
