रीवा में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, 8 लाख के गहने बरामद
रीवा पुलिस ने ज्वेलर्स दुकानों में सेंधमारी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर 8 लाख रुपये के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। तीनों आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रीवा. रीवा पुलिस ने ज्वेलर्स दुकानों में सेंध लगाकर चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये कीमत के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, पद्मधर कॉलोनी स्थित सिद्धिविनायक ज्वैलर्स में 23-24 मार्च की दरमियानी रात सेंध लगाकर सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सिविल लाइंस, अमहिया और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वरुण लोनिया उर्फ पीके की पहचान की गई। इसी दौरान पहले हुई जे.के. ज्वैलर्स चोरी मामले में सुजीत लोनिया उर्फ गोविंदा भी पुलिस के रडार पर आया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने साथी संदीप लोनिया उर्फ गुल्ली के साथ मिलकर शहर में कई चोरियों को अंजाम देने की बात कबूल की।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी संदीप लोनिया को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सात अलग-अलग चोरी के मामलों का माल बरामद किया।
बरामद सामान में सोने के टॉप्स, झुमके, कंगन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, लॉकेट, नाक की लौंग, चांदी की बिछिया, अंगूठियां, थालियां, श्रृंगी और पायल सहित अन्य जेवर शामिल हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वरुण लोनिया के खिलाफ 8, सुजीत लोनिया के खिलाफ 18 और संदीप लोनिया के खिलाफ 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Anubhav Dubey 
