सतना: बगदरा घाटी में पलटी बारातियों से भरी बस, हादसे में 23 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर

सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर बगदरा घाटी में बुधवार को बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 23 बाराती घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर है और पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुँचाया है।

सतना: बगदरा घाटी में पलटी बारातियों से भरी बस, हादसे में 23 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर
google

सतना। स्टेट हाईवे सतना-चित्रकूट सड़क मार्ग पर बुधवार की दोपहर बगदरा घाटी में बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर चित्रकूट व मझगवां पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बस के अंदर फंसे घायल बारातियों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हादसे में 23 बाराती घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई गई है।

कमानी टूटने से हुआ हादसा

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 17पी/0516 का चालक यूपी के बांदा जिले के रैपुरा से बारात लेकर रीवा गया हुआ था। बुधवार को विदाई के उपरांत बाराती बस में सवार होकर घर के लिए रवाना हुए। रास्ते में चित्रकूट थानांतर्गत बगदरा घाटी में चार से पांच बजे के बीच अचानक बस की कमानी का पट्टा टूट गया, जिसके चलते बस अनियंत्रित हो गई। चालक का नियंत्रण गाड़ी से हटा और बस सड़क किनारे जाकर पलट गई।

पुलिस ने पहुँचाया अस्पताल

बगदरा घाटी में बस पलटने की जानकारी लगते ही चित्रकूट थाना और मझगवां थाना से पुलिस बल घटनास्थल पहुँचा। ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस के अंदर फंसे घायलों को एक-एक कर बाहर निकाला गया, तत्पश्चात घायलों को एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए जानकीकुंड अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 3 को गंभीर चोट आई है। चित्रकूट पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर हादसे की जांच की जा रही है।

ये हुए घायल

बस पलटने से मैकू लाल, शिवपूजन रैदास, पूजा देवी, ननकू रैदास, दिनेश कुमार, पूनम देवी, रजुआ रैदास, रामविशाल, पूनम, इंद्रजीत रैदास, रजनीश, शिव लखन विश्वकर्मा, छेदीलाल, पवन, धर्मराज रैदास, अमरजीत रैदास व अन्य को चोटें आई हैं। बताया गया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई है।