सतना में खेरमाई मंदिर चोरी का आरोपी गिरफ्तार, नशीली दवा के 90 कैप्सूल भी बरामद
सतना पुलिस ने खेरमाई मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी सुनील गुप्ता उर्फ रोहन केसरवानी को गिरफ्तार कर चोरी की मूर्ति, गदा और नशीली दवा के 90 कैप्सूल बरामद किए।
सतना. सतना पुलिस ने खेरमाई मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई अष्टधातु की मूर्ति, गदा और नशीली दवा के 90 कैप्सूल बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी डीएसपी रवीन्द्र द्विवेदी ने बताया कि एक अन्य मामले में फरार चल रहे आरोपी की तलाश के दौरान थाना स्तर पर गठित टीम ने दबिश देकर सुनील गुप्ता उर्फ रोहन केसरवानी, निवासी लखन चौराहा, टिकुरिया टोला, थाना कोलगवां को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खेरमाई मंदिर से भगवान हनुमान की छोटी अष्टधातु की पीली मूर्ति और गदा चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। विवेचना के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य भी मिले, जिनसे आरोपी के मेडिकल नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर अंधेरी पुलिया के पास रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखे 90 नशीले कैप्सूल बरामद किए। साथ ही चोरी गई मूर्ति और गदा भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजकुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक नीरज सिंह, आरक्षक बलराम चौधरी, बृजेश पटेल और विमल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Anubhav Dubey 
