मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त, आदतन आरोपी गिरफ्तार
मऊगंज पुलिस ने घुरेहटा ओवरब्रिज के नीचे से 50 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप के साथ आदतन आरोपी सतीश जायसवाल उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया।
मऊगंज. जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मऊगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप के साथ एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओवरब्रिज के नीचे ग्राहकों का इंतजार कर अवैध रूप से नशीली सिरप बेचने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक रामसिंह पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि सतीश जायसवाल उर्फ कल्लू (28 वर्ष) निवासी गाड़ा बहुती, नेशनल हाईवे स्थित घुरेहटा ओवरब्रिज के नीचे काले रंग के पिट्ठू बैग में प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 50 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप बरामद हुई। बरामद नशीली दवा की बाजार कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाना मऊगंज ले आई और जब्त नशीली सिरप को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नशीली कफ सिरप को अवैध रूप से बेचने की बात स्वीकार की है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामसिंह पटेल ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Anubhav Dubey 
