शाजापुर में खूनी संघर्ष, तलवार और लाठी-डंडे चले: 3 घायल, मंडी में गाड़ी लगाने को लेकर हुआ था विवाद
शाजापुर की पोलायकलां मंडी में गाड़ी लगाने की बात पर विवाद के बाद तलवार और लाठी-डंडे चले। एक युवक तलवार से घायल हुआ, दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर आया। तीन का उपचार जारी।
शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले की पोलायकलां मंडी में शनिवार को गाड़ी लगाने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तलवार और लाठी-डंडे चलने लगे. घटना में तीन लोग घायल हुए हैं. एक युवक को तलवार लगने से चोट आई है, जबकि दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है.सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकलां में उपचार जारी है.
गाड़ी लगाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, फरियादी शेख सदर पिता शेख यासीन (26) निवासी ग्राम सकराई, थाना सुंदरसी का बोरसाली निवासी कुछ लोगों से गाड़ी लगाने की बात को लेकर विवाद हो गया था. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
तलवार और लाठी-डंडों से किया हमला
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान तलवार और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया. हमले में शेख सदर को तलवार लगने से चोट आई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर हो गया. वहीं, तीसरे व्यक्ति को भी मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकलां पहुंचाया गया. यहां उनका इलाज जारी है. मंडी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
पोलायकलां चौकी प्रभारी रमेशचंद्र यादव ने बताया कि फरियादी शेख सदर की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है. विवाद में निजामुद्दीन उर्फ मुन्ना, कमरुद्दीन, साजिद उर्फ काला, शादाब और हसन खां के नाम सामने आए हैं. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

