सीधी सांसद की पहल से बकहुल-ओबरी सड़क निर्माण को मिली मंजूरी, क्षेत्रवासियों में खुशी
जन चौपाल से गांव-गांव पहुंचे सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को बड़ी राहत मिली है। सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अनुशंसा पर बकहुल से ओबरी वाया कसैया सड़क निर्माण कार्य को एनसीएल के सीएसआर मद से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। लगभग 8 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 11 करोड़ 73 लाख 83 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह मार्ग वर्षों से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद बकहुल, कसैया, ओबरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क बनने से आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि देवसर विधानसभा क्षेत्र की यह अत्यंत महत्वपूर्ण और वास्तविक आवश्यकता थी, जिसे जनता लगातार उठा रही थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनकी ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उनकी अनुशंसा पर इस सड़क परियोजना को स्वीकृति मिली है।
सांसद ने सभी क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीण अंचलों के विकास को नई गति मिलेगी तथा सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना देवसर विधानसभा के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सड़क निर्माण की स्वीकृति को क्षेत्र के लोग विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं और इसके लिए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर जनसंपर्क अभियान
केंद्र की मोदी सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 साल पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जन चौपाल आयोजित कर लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चितरंगी विधानसभा के ग्राम सेमुआर, सिंगरौली विधानसभा के करौंटी तथा देवसर विधानसभा के भैसाबूड़ा गांव में जन समस्या निवारण शिविर और जन चौपाल में भाग लिया। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से योजनाओं के लाभ और जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
अभियान के तहत सांसद ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के घर रात्रि प्रवास कर स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
कार्यक्रम में विधायक एवं राज्य मंत्री राधा सिंह, विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेंद्र मेश्राम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
