मऊगंज में एएनएम का प्रदर्शन, नर्सिंग कैडर में वापसी और 3200 ग्रेड पे की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
: मऊगंज में संयुक्त एएनएम एसोसिएशन ने नर्सिंग कैडर में वापसी, 3200 ग्रेड पे, नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सात दिन में समाधान नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी।
मऊगंज। संयुक्त एएनएम एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया. जिला अध्यक्ष गीता मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एएनएम ने डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों के जल्द निराकरण की मांग की. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश का एएनएम संवर्ग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होगा.
नर्सिंग कैडर में शामिल करने की मांग
एएनएम संघ का कहना है कि वर्ष 2016 में उन्हें नर्सिंग कैडर से अलग कर दिया गया था, जबकि आज भी गर्भवती महिलाओं की देखभाल, प्रसव सेवाएं, टीकाकरण और परिवार नियोजन जैसे महत्वपूर्ण नर्सिंग कार्य एएनएम द्वारा ही किए जा रहे हैं. ऐसे में उन्हें पुनः नर्सिंग कैडर में शामिल किया जाना चाहिए. संघ ने लंबे समय से संविदा पर कार्यरत एएनएम के नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करने और 3200 ग्रेड पे लागू करने की भी मांग उठाई है. साथ ही पदनाम बदलकर ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (आरएचओ) किए जाने की मांग भी रखी गई.
अप्रेजल और सार्थक एप का विरोध
जिला मीडिया प्रभारी नम्रता सिंह ने बताया कि अप्रेजल व्यवस्था के कारण संविदा एएनएम मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रही हैं. छोटी-छोटी त्रुटियों पर नौकरी जाने का भय बना रहता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के बावजूद सार्थक एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है, जिससे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. संघ ने इस व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की है.

जोखिम भत्ता और सुविधाओं की मांग
एएनएम संघ ने दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए जोखिम भत्ता, वाहन सुविधा, आवास भत्ता, ड्रेस एवं धुलाई भत्ता तथा पीवीआई राशि के नियमित भुगतान की मांग भी उठाई है.
विधानसभा घेराव की चेतावनी
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर भोपाल में विधानसभा घेराव का आंदोलन शुरू करेंगे. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में एएनएम मौजूद रहीं और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की.
shivendra 
