कागजों में विकास,जमीन पर भ्रष्टाचार- सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव का भाजपा सरकार पर हमला
मध्यप्रदेश समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मनोज यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार जमीन पर नहीं, सिर्फ कागजों में चल रही है।अवैध चेक पोस्ट और रोजाना हो रही वसूली से साफ है कि भ्रष्टाचार प्रशासन की शह पर चल रहा है।
भोपाल:समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मनोज यादव ने आज प्रदेश कार्यालय भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार का शासन कागजों में चलता है, जमीन पर नहीं। सरकार एक ओर उपलब्धियों का ढोल पीटती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तंत्र बुरी तरह चरमरा चुका है।
भाजपा सरकार के दावों के बावजूद चेक पोस्ट बंद नही हुए-सपा
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बार-बार यह दावा करती रही है कि प्रदेश में चेक पोस्ट बंद कर दिए गए हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि राज्य में अवैध वसूली के चेक पोस्ट आज भी खुलेआम संचालित हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एक ही चेक पोस्ट से प्रतिदिन 40 से अधिक ट्रक अवैध रूप से पास किए जा रहे हैं, जहां हर ट्रक से 500 से 1000 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। यह स्थिति बताती है कि प्रशासनिक संरक्षण में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार बजट भाषणों में शिक्षा पर करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे करती है, लेकिन स्कूलों की वास्तविक स्थिति सरकार के झूठे दावों की पोल खोल देती है।
MP में करीब 70,000 शिक्षक पद खाली-डॉ.मनोज यादव
प्रदेश अध्यक्ष ने आंकड़े सामने रखते हुए बताया कि प्रदेश में करीब 70,000 शिक्षक पद खाली पड़े हैं।1,275 सरकारी स्कूल ऐसे हैं जहां एक भी शिक्षक पदस्थ नहीं है।6,838 स्कूलों में केवल एक शिक्षक के भरोसे पूरी स्कूल व्यवस्था चलाई जा रही है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।डॉ. यादव ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में सरकारी स्कूल केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं।प्रदेश में 1,700 से अधिक स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय तक उपलब्ध नहीं हैं,700 से अधिक स्कूलों में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है,और 5,600 से अधिक स्कूल जर्जर व असुरक्षित भवनों में संचालित हो रहे हैं, जहां बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा खतरे में है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति बताती है कि भाजपा सरकार के लिए बच्चों का भविष्य प्राथमिकता नहीं है। स्कूल बंद हो रहे हैं, शिक्षक नहीं हैं, सुविधाएं नहीं हैं, लेकिन सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।डॉ. मनोज यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की यह दुर्दशा प्रदेश के गरीब, ग्रामीण और वंचित वर्ग के बच्चों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है।
sanjay patidar 
