अशोकनगर के पछार पार्क में बिजली के तारों में स्पार्किंग: हादसे की आशंका; सुबह-शाम सैकड़ों लोग पहुंचते हैं घूमने
अशोकनगर के तुलसी सरोवर स्थित पछार पार्क में खुले बिजली के तारों से स्पार्किंग हो रही है। सुबह-शाम सैकड़ों लोग पहुंचते हैं, हादसे की आशंका बढ़ी।
अशोकनगर। शहर के तुलसी सरोवर स्थित पछार पार्क में बिजली के खुले तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। पार्क में लगे बिजली के तारों में लगातार स्पार्किंग होने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे पार्क में घूमने आए लोगों ने बनाया है।
खुले तारों और गेट पर हो रही स्पार्किंग
जानकारी के अनुसार, अशोकनगर शहर से रेस्ट हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित पछार पार्क में मल्टी की तरफ बिजली के तार खुले हुए हैं। वहीं, तीसरे और चौथे खंभे के बीच बने गेट पर बंधे तार में भी लगातार स्पार्किंग देखी जा रही है। इससे पार्क में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ा खतरा
पछार पार्क में सुबह और शाम सैकड़ों की संख्या में लोग टहलने और घूमने पहुंचते हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और परिवार के लोग भी शामिल होते हैं। ऐसे में खुले बिजली के तारों और स्पार्किंग के बीच किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
जिम्मेदार विभाग से तत्काल सुधार की मांग
स्थानीय लोगों की चिंता है कि बिजली के तारों में हो रही स्पार्किंग को नजरअंदाज करना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। संबंधित विभाग को जल्द मौके का निरीक्षण कर खुले तारों को सुरक्षित कराने और स्पार्किंग की समस्या दूर करने की जरूरत है, ताकि पार्क में आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।



