BHOPAL: अन्ना नगर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में भीषण आग, 8 घंटे बाद भी नहीं पाया गया काबू
भोपाल के अन्ना नगर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिस पर 8 घंटे बाद भी काबू नहीं पाया जा सका। 11 फायर स्टेशनों की दमकलें मौके पर पहुंचीं, जबकि 25 टन कचरा जलकर राख हो गया।
भोपाल: अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि रविवार सुबह तक करीब 8 घंटे बाद भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं।
11 फायर स्टेशनों से पहुंचीं दमकलें
आग बुझाने के लिए शहर के 11 फायर स्टेशनों से 50 से ज्यादा दमकल और पानी के टैंकर मौके पर भेजे गए। गोविंदपुरा, फतेहगढ़, बैरागढ़, कोलार और गांधीनगर समेत कई इलाकों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं।
25 टन कचरा जलकर राख
आग की चपेट में आकर स्टेशन में रखा करीब 25 टन कचरा जलकर राख हो गया। वहीं, यहां करीब 150 टन रिसीलिंग और रिसाइक्लिंग के लिए रखा कपड़ों का बड़ा ढेर भी मौजूद था, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
मुख्य सड़क के पास होने से मचा हड़कंप
गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन मुख्य सड़क से बेहद कम दूरी पर स्थित है। ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। सड़क किनारे रहने वाले लोग पूरी रात जागते रहे। हालात को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।
बंद पड़ी यूनिट में लगी पहली चिंगारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले रिसाइक्लिंग यूनिट में लगी, जो करीब एक महीने से बंद पड़ी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
sanjay patidar 
