मशाल के साथ खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ थीम सॉन्ग लॉन्च, ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को 25-25 लाख का सम्मान

मध्यप्रदेश के सबसे बड़े खेल आयोजन खेलो एमपी यूथ गेम्स की शुरुआत हो गई है. भोपाल के बोट क्लब पर रंगारंग, रंगबिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के साथ आयोजन शुरू हाे गया है.

मशाल के साथ खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ  थीम सॉन्ग लॉन्च, ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को 25-25 लाख का सम्मान

मध्यप्रदेश के सबसे बड़े खेल आयोजन खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ राजधानी भोपाल के बोट क्लब पर हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी, लेजर शो, वाटर प्रोजेक्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेलों की मशाल प्रज्वलित कर आयोजन की औपचारिक शुरुआत की।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश का नाम रोशन करने वाली ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपए के प्रोत्साहन चेक प्रदान किए। इस अवसर पर वाटर प्रोजेक्शन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की आकर्षक छवियां भी प्रदर्शित की गईं, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहीं।

देश में पहली बार संयुक्त समन्वय से आयोजन

खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन देश में पहली बार खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से किया जा रहा है। झीलों की नगरी भोपाल से शुरू हुए इस खेल महाकुंभ में उद्घाटन समारोह के दौरान शहर के तालाबों और सांस्कृतिक विरासत को भव्य रूप में प्रस्तुत किया गया।

चार चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं

खेलो एमपी यूथ गेम्स की प्रतियोगिताएं 31 जनवरी तक चलेंगी। यह आयोजन चार चरणों—विकासखंड, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर होगा। इसमें प्रदेशभर से लगभग 1.50 लाख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य टीम के चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रतियोगिता कार्यक्रम

  • ब्लॉक स्तर: 13 से 16 जनवरी
  • जिला स्तर: 16 से 20 जनवरी
  • संभाग स्तर: 21 से 25 जनवरी
  • राज्य स्तर: 28 से 31 जनवरी
  • 28 खेलों में होंगे मुकाबले

खेलो एमपी यूथ गेम्स-2025 में कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बेहतर समन्वय के लिए खेल विभाग द्वारा विभिन्न खेल संघों के साथ समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उद्घाटन और समापन समारोह में राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

4 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि

राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को लगभग 4 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्रथम पुरस्कार 31 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 11 हजार रुपए का होगा।

313 विकासखंडों की सहभागिता

इस आयोजन में प्रदेश के 313 विकासखंडों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम में प्रस्तावित हैं। आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और नागरिक बोट क्लब पर मौजूद रहे, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।