मोबाइल चोरी के शक में युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

चित्रकूट में मोबाइल चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज किया मामला, महिला समेत दो लोगों पर एफआईआर दर्ज

मोबाइल चोरी के शक में युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

Satna। चित्रकूट क्षेत्र में मोबाइल चोरी के संदेह में एक युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। वीडियो में एक महिला और उसका साथी युवक को खंभे से बांधकर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित युवक की पहचान की और उसकी शिकायत पर महिला सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं महिला की शिकायत पर भी युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।

होटल में काम करता है पीड़ित युवक

चित्रकूट पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान जोगिंदर सिंह पिता रमाकांत सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी सोम बाजार पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई है। जोगिंदर पिछले कुछ समय से धार्मिक नगरी चित्रकूट में रहकर एक होटल में काम करता है।

बताया गया कि होटल के पास ही रेखा निषाद नाम की महिला चाय-नाश्ते का ठेला लगाती है। पुलिस के मुताबिक, महिला के परिचित संजय गुप्ता ने अपना मोबाइल फोन चार्ज कराने के लिए रेखा को दिया था। इसके बाद रेखा ने वह मोबाइल जोगिंदर को चार्ज करने के लिए दे दिया।

मोबाइल नहीं लौटाने पर लगाया चोरी का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ समय बाद जब रेखा ने जोगिंदर से मोबाइल वापस मांगा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि जोगिंदर ने मोबाइल देने से मना कर दिया, जिसके बाद रेखा और संजय ने उस पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद 29 जुलाई की रात करीब 2 बजे होटल अशोक के पास जोगिंदर को पकड़ा गया। आरोप है कि दोनों ने उसे गमछे की मदद से बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।

स्थानीय युवक ने बनाया वीडियो, पुलिस ने की कार्रवाई

घटना के दौरान वहां मौजूद एक स्थानीय युवक ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद चित्रकूट पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की।

एसडीओपी चित्रकूट राजेश बंजारे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रेखा निषाद और संजय गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण कायम किया है।

वहीं, रेखा निषाद ने भी जोगिंदर पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर भी जोगिंदर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।