रीवा कलेक्टर ने वृद्धाश्रम का दौरा कर बुजुर्गों से की मुलाकात, दी सरकारी सहायता का आश्वासन

रीवा के कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने वृद्धाश्रम का दौरा कर वहां निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की और उनकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान बुजुर्गों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें सरकारी योजनाओं से सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

रीवा कलेक्टर ने वृद्धाश्रम का दौरा कर बुजुर्गों से की मुलाकात, दी सरकारी सहायता का आश्वासन
google

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मैं आप सबका आशीर्वाद लेने आया हूं। वृद्धाश्रम की माताओं ने कलेक्टर को स्नेहिल भाव से आशीष दिया। इस अवसर पर कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में निवासरत माताओं व वृद्धजनों से संवाद करते हुए वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं के विषय में जानकारी ली।

वृद्धाश्रम की माताओं ने आत्मीय भाव से कलेक्टर से अपने नाती-पोतों के लिये कहीं भी नौकरी या व्यवसाय की व्यवस्था कराने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि आप वृद्धाश्रम में रहकर भी अपने परिजनों के हित की ही बात सोच रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीएम स्वनिधि या अन्य किसी योजना से आर्थिक मदद के तौर पर ऋण उपलब्ध कराया जायेगा, ताकि वह अपने पैरों पर खड़े हो सकें।

वृद्धाश्रम की माता शैल ने बताया कि वह यहां रहकर सिलाई का प्रशिक्षण देती हैं। कलेक्टर ने लाइब्रेरी और फिजियो सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मैं आप सबका आशीर्वाद लेने वृद्धाश्रम आता रहूंगा। इस अवसर पर चेयरमैन रेडक्रॉस सोसायटी डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी और कलेक्टर को वृद्धाश्रम का भ्रमण कराया।

इस दौरान संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, डिप्टी कलेक्टर राजेश कुमार सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुरभि जैन एवं वृद्धाश्रम के व्यवस्थापकगण उपस्थित रहे।