दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ के दौरान स्विस फ्लाइट के इंजन में लगी आग, 232 यात्री सुरक्षित
दिल्ली एयरपोर्ट पर टेकऑफ से पहले स्विस विमान में खराबी। इंजन से धुआं निकलने के बाद लगी आग। इमरजेंसी में सभी यात्रियों को निकाला गया। 6 यात्री हुए घायल।
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब Swiss International Air Lines की फ्लाइट LX147 टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। यह विमान स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाला था और इसमें 4 नवजात समेत कुल 232 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1:08 बजे एयरबस A330 विमान रनवे पर टेकऑफ की तैयारी में था। इसी दौरान विमान के बाईं ओर लैंडिंग गियर के पास धुआं उठता देखा गया और कुछ ही क्षणों में इंजन में खराबी आ गई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोकने का फैसला लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर तुरंत आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कर दी गईं। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड्स का इस्तेमाल किया गया। अफरा-तफरी के बीच सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। हालांकि इस दौरान 6 लोग हल्के रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी है और उनकी स्थानीय टीम मौके पर मौजूद है। टेकऑफ से पहले लैंडिंग गियर में धुआं देखा गया था, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उड़ान को तुरंत रोक दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि घटना के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर जांच की जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में दिल्ली एयरपोर्ट पर यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 16 अप्रैल को SpiceJet और Akasa Air के विमानों के बीच ग्राउंड पर टक्कर हो गई थी। हालांकि उस घटना में भी सभी यात्री सुरक्षित रहे थे। फिलहाल इस ताजा घटना के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं, हालांकि समय रहते उठाए गए कदमों से एक बड़ी त्रासदी टल गई।
Varsha Shrivastava 
