31वां IES-Digiana इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026, वॉमिक और विवेक के दोहरे प्रदर्शन से प्रदेश टुडे और पीपुल्स की जीत

वामिक खान और विवेक साध्या के शानदार प्रदर्शन की बदौलत प्रदेश टुडे और पीपल्स ने भोपाल में आयोजित 31वें आईईएस डिजियाना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत दर्ज की।

31वां IES-Digiana इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026, वॉमिक और विवेक के दोहरे प्रदर्शन से प्रदेश टुडे और पीपुल्स की जीत
IES Digiana Inter Press Cricket Tournament 2026

भोपाल। 31वें आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में वॉमिक खान और विवेक साध्य के शानदार दोहरे प्रदर्शन की बदौलत प्रदेश टुडे और पीपुल्स की टीमों ने जीत दर्ज की। ओल्ड कैंपियन मैदान और बाबे आली मैदान पर हुए रोमांचक मुकाबलों में पत्रकारों और विभागीय टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेले गए मीडिया वर्ग के मुकाबले में प्रदेश टुडे ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को 39 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रदेश टुडे ने 18 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए। टीम की ओर से वॉमिक खान ने 44 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि शुभम ने 18 रनों का योगदान दिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से जीतू बागरे और मनोज नामदेव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम 14.4 ओवर में मात्र 74 रनों पर सिमट गई। प्रदेश टुडे की जीत में वॉमिक खान ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए तीन विकेट चटकाए और अपनी टीम को आसान जीत दिलाई।

इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में पीपुल्स ने अटल न्यूज को आठ विकेट से हराया। अटल न्यूज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 134 रन बनाए। टीम की ओर से अकबर ने शानदार 64 रनों की पारी खेली, जबकि कमलेश राठौर ने 20 रन जोड़े। जवाब में पीपुल्स की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 13.4 ओवर में ही दो विकेट खोकर 132 रन बना लिए। पीपुल्स की जीत के हीरो विवेक साध्य रहे, जिन्होंने आक्रामक अंदाज में 63 रन बनाए। संजय शर्मा ने 47 रनों का उपयोगी योगदान दिया।

वॉमिक खान और विवेक साध्य को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मान सरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, अटल न्यूज के अकबर को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार स्पोर्ट्स प्रमोटर ग्रुप के चेयरमैन अरुणेश्वर सिंहदेव ने प्रदान किया। इस अवसर पर भोपाल खेल पत्रकार संघ के संरक्षक मृगेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

बाबे आली मैदान पर खेले गए विभागीय ग्रुप के मुकाबले में डीजीपी इलेवन ने नगर निगम कमिश्नर इलेवन को चार विकेट से हराया। नगर निगम कमिश्नर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 137 रन बनाए। कप्तान अजय सिंह ने 26, बिट्टूर ने 27 और अक्षय पारोचे ने 26 रन बनाए। डीजीपी इलेवन की ओर से अरुण सिंह ने चार विकेट लिए। जवाब में डीजीपी इलेवन ने 15.5 ओवर में छह विकेट खोकर 138 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। दिशांत खरे ने 56 रनों की शानदार पारी खेली।

इसी मैदान पर खेले गए अन्य मुकाबले में जनसंपर्क विभाग ने डॉक्टर इलेवन को 6 रनों से हराया। जनसंपर्क ने छह विकेट पर 176 रन बनाए, जिसमें कप्तान अनुराग उइके ने नाबाद 70 और तोषी ने 65 रन बनाए। जवाब में डॉक्टर इलेवन आठ विकेट पर 168 रन ही बना सकी। अनुराग उइके को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।