खुरई में अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री, 1000 करोड़ से अधिक की विकास सौगातें
खुरई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुरई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनता द्वारा किए गए भव्य स्वागत से अभिभूत नजर आए।
खुरई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुरई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनता द्वारा किए गए भव्य स्वागत से अभिभूत नजर आए। आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खुरई की जनता का स्नेह और अपनापन अभूतपूर्व है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खुरई विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
खुरई विधानसभा क्षेत्र को मिलीं बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री द्वारा की गई प्रमुख घोषणाओं में—
- राहतगढ़–खुरई–खिमलासा 4 लेन मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु 500 करोड़ रुपये
- 429 करोड़ रुपये की लागत से बीना नदी परियोजना के लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की घोषणा
- उल्दन बांध परियोजना को वर्ष 2026 तक पूर्ण करने के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन
- खुरई कृषि महाविद्यालय के भवन एवं छात्रावास निर्माण हेतु 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति
- कृषि यंत्र निर्माण गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए नवीन आईटीआई की स्थापना
- नेचुरल एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण
- मालथौन में मल्टी परपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
- रजवांस में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना
घोषित योजनाओं में स्पष्ट राशि का कुल योग 954 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि अन्य कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट का आश्वासन भी दिया गया।

312 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 312 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इनमें सांदीपनी विद्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील भवन, सड़क निर्माण एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं।
बुंदेलखंड के विकास को लेकर प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वीरता की दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र है. सरकार का लक्ष्य यहां के किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि खुरई का सरबती गेहूं देशभर में पहचान रखता है और कृषि एवं उससे जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जाएगा.
योजनाओं से सशक्त होंगी महिलाएं और किसान
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह सहायता दी जा रही है। एक बगिया मां के नाम योजना के माध्यम से भूमि, फसल और फल उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
रोड-शो में दिखी लोक संस्कृति की झलक

मुख्यमंत्री खुरई में रथ पर सवार होकर रोड-शो के माध्यम से मुख्य मार्गों से गुजरे। जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। बुंदेलखंड की लोक परंपराओं के तहत ढपला-रमतूला लोकनृत्य, डमरूदल, दुलदुल घोड़ी सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों और स्थानीय कलाकारों द्वारा किए गए स्वागत से माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
shivendra 
