मऊगंज:अवैध बोरिंग पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 2 मशीनें जब्त, बिना अनुमति हो रहा था उत्खनन

अवैध बोरवेल उत्खनन माफिया पर एफआईआर, कारोबारियों में मचा हड़कंप  

मऊगंज:अवैध बोरिंग पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 2 मशीनें जब्त, बिना अनुमति हो रहा था उत्खनन

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। 

जिले में गिरते भू-जलस्तर के बीच अवैध बोरिंग कर रहे माफिया पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने नईगढ़ी तहसील के ग्राम हंड़िया में छापामार कर बिना अनुमति चल रही दो बोरिंग मशीनों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद बोरिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है।

जल संकट के बीच धरती का सीना छलनी कर रहे बोरिंग माफिया पर प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि मऊगंज जिले की नईगढ़ी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंड़िया में पाण्डेय परिवार की भूमि पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से हैंडपंप उत्खनन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार सुनील कुमार द्विवेदी एवं थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच में वाहन क्रमांक TN 77 D 2007 एवं TN 77 D 2008 की बोरिंग मशीनों से बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के उत्खनन किया जाना पाया गया। टीम ने दोनों मशीनों को तत्काल जब्त कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नईगढ़ी थाना के सुपुर्द कर दिया।

प्रतिबंध के बावजूद चल रहा था अवैध धंधा

मिली जानकारी के अनुसार मशीन मालिक, चालक और अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार गिरते भू-जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने अग्रिम आदेश तक बोरवेल उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। नियमतः केवल अत्यावश्यक स्थिति में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से लिखित अनुमति प्राप्त कर ही हैंडपंप उत्खनन कराया जा सकता है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जल संरक्षण के लिए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध बोरिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।