भारतीय महिला टीम का टी-20 में सबसे बड़ा स्कोर, श्रीलंका को 222 रन का लक्ष्य

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए इतिहास रच दिया

भारतीय महिला टीम का टी-20 में सबसे बड़ा स्कोर, श्रीलंका को 222 रन का लक्ष्य
image source : Google

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए इतिहास रच दिया. रविवार को खेले गए चौथे टी-20 मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 2 विकेट पर 221 रन बनाए और मेहमान टीम को 222 रन का विशाल लक्ष्य दिया. इससे पहले भारत का सर्वोच्च टी-20 स्कोर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 विकेट पर 217 रन था.

ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो भारतीय ओपनर्स के सामने गलत साबित हुआ. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 162 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की.

शेफाली वर्मा ने सीरीज में लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी खेली. उन्होंने 79 रन बनाए. वहीं स्मृति मंधाना ने 35 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और 80 रन की दमदार पारी खेली. इस पारी के साथ मंधाना ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 10,000 रन भी पूरे कर लिए. वे यह उपलब्धि हासिल करने वाली चौथी महिला क्रिकेटर बन गई हैं.

मिडिल ऑर्डर में ऋचा घोष ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए. कप्तान हरमनप्रीत कौर 10 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने पहले ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 12 रन बना लिए हैं. क्रीज पर कप्तान चमारी अटापट्टू और हसिनी परेरा मौजूद हैं. गौरतलब है कि भारतीय महिला टीम पहले ही शुरुआती तीन टी-20 मुकाबले जीतकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है. चौथे मैच में भी टीम का आक्रामक अंदाज शानदार फॉर्म का संकेत दे रहा है.