MP के 3.77 लाख किसानों को मिला भावांतर का लाभ, रतलाम में CM ने खातों में ट्रांसफर किए 810 करोड़ की राशि

रतलाम के जावरा में सीएम डॉ मोहन यादव ने राज्य स्तरीय सोयाबीन भावांतर योजना कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से 3.77 लाख किसानों के खातों में 810 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की।

MP के 3.77 लाख किसानों को मिला भावांतर का लाभ, रतलाम में CM ने खातों में ट्रांसफर किए 810 करोड़ की राशि
Ratlam Jawra CM Mohan Yadav

रतलाम (जावरा)। मध्यप्रदेश के किसानों के लिए रविवार का दिन खुशियों भरा रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम जिले में आयोजित राज्य स्तरीय सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना कार्यक्रम में प्रदेश के 3.77 लाख किसानों के बैंक खातों में 810 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर किए। यह राशि मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना के तहत सोयाबीन के बाजार मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अंतर की भरपाई के लिए दी गई है। इस आर्थिक सहायता से किसानों को आगामी रबी सीजन की तैयारी में बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम का आयोजन शासकीय भगत सिंह महाविद्यालय जावरा में किया गया, जहां मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और भावांतर भुगतान योजना किसानों को बाजार में फसल के उचित दाम दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि यह योजना का दूसरा चरण है। इससे पहले नवंबर माह में लगभग 1.32 लाख किसानों को करीब 300 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई थी। इस बार 810 करोड़ रुपये की बड़ी राशि एक साथ जारी कर सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार का संकल्प है।

कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि भावांतर भुगतान योजना से उन्हें बाजार में फसल के कम दाम मिलने की चिंता से राहत मिली है। किसानों का कहना है कि समय पर मिली यह आर्थिक मदद उनकी खेती-किसानी को मजबूत आधार देगी।

पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडेय की प्रतिमा का अनावरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जावरा विधानसभा क्षेत्र के सुजापुर गांव में पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडेय की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया। यह प्रतिमा विधायक राजेंद्र पांडेय एवं उनके परिवार द्वारा विकसित स्मृति कुंज में स्थापित की गई है। प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडेय गांव की माटी से निकलकर आदर्शवादी राजनीति के दैदीप्यमान नक्षत्र बने। उन्होंने अपने जीवन में सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के मूल्यों को आत्मसात किया और क्षेत्र की राजनीति को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, वरिष्ठ नेता कुशाभाऊ ठाकरे, पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा और डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडेय का स्मरण करते हुए कहा कि जावरा–मंदसौर संसदीय क्षेत्र ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश और देश की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से डॉ. पांडेय के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंदसौर-जावरा-नीमच क्षेत्र के लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।