इंदौर में NEET छात्रा की मौत: तीसरी मंजिल से गिरी अवंतिका, परिजन बोले- पेपर लीक को लेकर था तनाव
इंदौर में नीट छात्रा अवंतिका मौर्य की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत, आत्महत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना देर रात की बताई जा रही है। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि घटना से पहले वह मोबाइल पर बात कर रही थी। हालांकि, छात्रा के भाई ने यह पुष्टि की है कि वह ऊंचाई से कूदी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

तीसरी मंजिल से गिरी अवंतिका मौर्य
न्यू बर्ग कॉलोनी इलाके में रहने वाली नीट अभ्यर्थी अवंतिका मौर्य की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना देर रात करीब 11.30 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार छात्रा अपने घर की बालकनी में मोबाइल पर बातचीत कर रही थी और इसके बाद वह इमारत के ऊपरी हिस्से की ओर चली गई। कुछ देर बाद उसके गिरने की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। छात्रा के गिरने का वीडियो भी सामने आया है।

छात्रा के पिता और बड़ी बहन है डॉक्टर
छात्रा के चचेरे भाई और पिता ने पुष्टि की है की छात्रा ने ऊपर से छलांग लगाई है, जिसके बाद परिजन तत्काल उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अलसुबह छात्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अवंतिका मूल रूप से धार जिले की रहने वाली थी और इंदौर में अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसकी बड़ी बहन डॉक्टर हैं, जबकि पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य खरगोन के भिकनगांव में मेडिकल अफसर हैं। एमवाय अस्पताल में ट्रेनिंग की वजह से पांच दिन पहले ही इंदौर आए थे।

पेपर लीक को लेकर तनाव में थी अवंतिका
घटना के समय पिता फ्लैट में ही मौजूद थे। छात्र के चचेरे भाई का कहना है कि अवंतिका पहले भी सुसाइड की कोशिश कर चुकी है। जनवरी में उसने जहरीला पदार्थ खाकर उसने खुदकुशी की कोशिश की थी। धन सिंह ने यह भी बताया कि अवंतिका बार-बार टिंचा फॉल चलने की जिद कर रही थी, लेकिन उसने मना कर दिया था।

वहीं, अवंतिका की बड़ी बहन डॉ. सपना मौर्य ने बताया कि अवंतिका पेपर लीक को लेकर तनाव में थी। वो 3 बार नीट का एक्जाम पास नहीं कर पाई थी, इसलिए बहन और पिता ने उसे आगे तैयारी करने से भी मना कर दिया था। इस साल उसका खरगोन के फॉर्मेसी कॉलेज में एडमिशन करवा दिया गया था।

कॉल डिटेल की जांच करेगी भंवरकुआं पुलिस
भंवरकुआं थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि एसएफएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की है। अवंतिका के मोबाइल की जांच, कॉल डिटेल और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि छात्रा दुर्घटनावश गिरी थी या उसने आत्महत्या की है।

Varsha Shrivastava 
