सिर्फ डिग्री नहीं, हुनर चाहिए: मऊगंज कलेक्टर ने युवाओं से ITI अपनाने की अपील की
कुशल युवा विकसित मऊगंज: कलेक्टर संजय कुमार जैन का आह्वान- ITI से बने आत्मनिर्भर। मऊगंज, नईगढ़ी, हनुमना आईटीआई में प्रवेश शुरू, 8वीं-10वीं पास छात्र कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
जिले के युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय कुमार जैन ने तकनीकी शिक्षा पर जोर दिया है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि मौजूदा दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार पाने के लिए तकनीकी कौशल अनिवार्य हो गया है।
कलेक्टर ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए शासकीय ITI मऊगंज, नईगढ़ी और हनुमना में ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 8वीं या 10वीं कक्षा के उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं विभागीय वेबसाइट पर जाकर पंजीयन करा सकते हैं।
ITI में इन ट्रेडों में मिलेगा प्रवेश-
ITI में फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिक व्हीकल सहित अन्य रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण और औद्योगिक संस्थानों में इंटर्नशिप का मौका भी मिलेगा। साथ ही सरकार की विभिन्न रोजगारमूलक योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।
कलेक्टर की ग्रामीण युवाओं से खास अपील
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों से समय रहते पंजीयन कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, तकनीकी शिक्षा से युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। कुशल युवा ही विकसित जिला, विकसित प्रदेश और विकसित भारत की नींव हैं।
ITI से मिला हुनर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा। इच्छुकअभ्यर्थी अंतिम तिथि से पहले विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन अवश्य करा लें। अधिक जानकारी के लिए संबंधित ITI मऊगंज, नईगढ़ी, हनुमना या जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
Varsha Shrivastava 
