मैहर के ओइला आश्रम में गुरु महाराज की प्रतिमा खंडित होने का मामला गरमाया, जांच तेज
मैहर के ओइला आश्रम में संत बम महाराज की प्रतिमा कथित रूप से खंडित होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हिंदूवादी संगठनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मैहर। मैहर स्थित नीलकंठ महाराज के ओइला आश्रम में संत बम महाराज की प्रतिमा के कथित रूप से खंडित किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरु पूर्णिमा से पहले सामने आई इस घटना को लेकर हिंदूवादी संगठनों और समाजसेवियों ने नाराजगी जताई है तथा प्रशासन से जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

संगठनों का कहना है कि मैहर संतों और आस्था की नगरी है। ऐसे में यदि आश्रम परिसर में प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने या सुरक्षा व्यवस्था से छेड़छाड़ जैसी घटना हुई है, तो पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।
आरोप यह भी लगाए गए हैं कि आश्रम में तैनात सुरक्षा कर्मियों के हथियार छीनने का प्रयास किया गया, जिसे कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

हिंदूवादी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Anubhav Dubey 
