मैहर मां शारदा मंदिर में बाढ़ का फर्जी वीडियो वायरल, पुलिस ने अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
मैहर के मां शारदा मंदिर में बाढ़ आने का दावा करने वाला वायरल वीडियो फर्जी निकला। CSP महेंद्र सिंह ने लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने और बिना पुष्टि कोई वीडियो शेयर न करने की अपील की।
मैहर। सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स की होड़ में भ्रामक और फर्जी वीडियो साझा करने का सिलसिला लगातार जारी है। इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मैहर के विश्वप्रसिद्ध मां शारदा मंदिर में बाढ़ आने का बताकर शेयर किया जा रहा है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो मैहर का नहीं है। इसके बावजूद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे मां शारदा मंदिर का बताकर प्रसारित कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के फर्जी दावे न केवल लोगों की धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करते हैं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी अनावश्यक दबाव डालते हैं। इसलिए किसी भी वीडियो या खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बिना पुष्टि किए किसी भी वायरल वीडियो या संदेश पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग से ही अफवाहों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
Anubhav Dubey 
