रीवा रेंज डीआईजी हेमंत चौहान का मऊगंज दौरा, दो दिन तक पुलिसिंग व्यवस्था का किया निरीक्षण
रीवा रेंज के डीआईजी हेमंत चौहान ने मऊगंज जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया. अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, विवेचना और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जन-केंद्रित बनाने के निर्देश दिए.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
रीवा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हेमंत चौहान ने 27 और 28 जुलाई को मऊगंज जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, विवेचना की गुणवत्ता और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीओपी साचि पाठक सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
एसपी कार्यालय में रिकॉर्ड और लंबित मामलों की समीक्षा
पहले दिन डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विभिन्न शाखाओं के रजिस्टर, फाइलें और लंबित प्रकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने जनशिकायतों के समयबद्ध निराकरण, न्यायालयीन पत्राचार और कार्यालयीन कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
बैठक में गंभीर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, एससी-एसटी एक्ट के प्रकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और समन-वारंट की तामील की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को विवेचना की गुणवत्ता बेहतर बनाने और मामलों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नशे और साइबर अपराध के खिलाफ सख्ती के निर्देश
डीआईजी ने रीवा रेंज में चल रहे "प्रहार 2.0" अभियान के तहत अवैध नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। साथ ही "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" जागरूकता अभियान को स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में और प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध की समीक्षा के दौरान MRM, GRM, CIAR, CEIR और NCRP पोर्टल के माध्यम से हो रही कार्रवाई का आकलन किया गया। साइबर टीम को नई तकनीक का उपयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी पर प्रभावी नियंत्रण करने के निर्देश दिए गए।
थानों, कंट्रोल रूम और निर्माण कार्यों का निरीक्षण
दूसरे दिन डीआईजी ने एसडीओपी कार्यालय, थाना मऊगंज कोतवाली और थाना लौर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना रिकॉर्ड, हवालात, मालखाना, विवेचना, महिला एवं बाल अपराध, साइबर प्रकरण और गुमशुदगी के मामलों की समीक्षा की। साथ ही हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने जिला कंट्रोल रूम पहुंचकर डायल-112 सेवा, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और वायरलेस संचार प्रणाली का निरीक्षण किया तथा विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन पुलिस भवनों का भी लिया जायजा
डीआईजी हेमंत चौहान ने कलेक्टर संजय कुमार जैन के साथ निर्माणाधीन नए एसपी कार्यालय, कंट्रोल रूम और पुलिस आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तय समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता के प्रति जवाबदेह और तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर
निरीक्षण के समापन पर डीआईजी ने कहा कि मऊगंज पुलिस द्वारा रिकॉर्ड संधारण, विवेचना के निस्तारण और साइबर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य संतोषजनक है। उन्होंने अधिकारियों को जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान, महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर प्रभावी ढंग से काम करने के निर्देश दिए।
Anubhav Dubey 
