रीवा में युवक ने खुद को गोली मारकर दी जान, मौके से मिला सुसाइड नोट
रीवा के समान थाना क्षेत्र स्थित गुलाब नगर में युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है और मामले की जांच जारी है.
रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. गुलाब नगर में एक युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर जान दे दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतक की पहचान विनय मिश्रा के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय वह घर में अकेला था. इसी दौरान उसने पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मौके से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस नोट की जांच कर रही है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Anubhav Dubey 
