दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में एमपी कांग्रेस की बड़ी बैठक, खरगे और राहुल रहे मौजूद

कांग्रेस मुख्यालय नई दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई. कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एमपी कांग्रेस के नेताओं के साथ अलग-अलग राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की

दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में एमपी कांग्रेस की बड़ी बैठक, खरगे और राहुल रहे मौजूद
GOOGLE

कांग्रेस मुख्यालय नई दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई. बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल एमपी कांग्रेस के नेताओं के साथ अलग-अलग राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में मनरेगा का नाम बदले जाने, SIR प्रोसेस में मतदाताओं के नाम कथित रूप से गलत तरीके से हटाए जाने, साथ ही मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन के विस्तार और आगामी रणनीति को लेकर मंथन किया गया.

संगठन सृजन अभियान पर फोकस

बैठक में संगठन सृजन अभियान पर बल दिया गया.  बता दें कि अगस्त में MP के सभी 71 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी, लेकिन बीते पांच महीनों से कई जिलों में कार्यकारिणी का गठन अब तक नहीं हो पाया है. ऐसे में जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी से लेकर संगठन में होने वाली नियुक्तियों और उनकी प्रोसेस पर विस्तार से चर्चा किया गया. 

राहुल गांधी ने दिए संगठनात्मक दिशा-निर्देश

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत करने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि नियुक्ति के बाद किस पदाधिकारी से किस प्रकार काम लिया जाए, साथ ही कामों की मॉनिटरिंग कैसे की जाए और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए किन बिंदुओं पर ध्यान दिया जाए. 

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, CEC सदस्य ओंकार सिंह मरकाम और आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया मौजूद रहे. इस बैठक को मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नए सिरे से सक्रिय और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.