8 IAS अधिकारियों के तबादले, शहडोल कलेक्टर का नाम जॉइनिंग से पहले बदल गया
मध्य प्रदेश सरकार ने कई IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। उमरिया, बालाघाट और रतलाम समेत कई जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलीं।
दिनेश जैन को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई। गिरीश शर्मा को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग में अपर सचिव बनाया गया। अंकित अस्थाना को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव तथा कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। अदिति गर्ग को मंदसौर कलेक्टर के पद से हटाकर मध्यप्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का परियोजना संचालक बनाया गया।
दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
सरकार ने स्वरोचिष सोमवंशी को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य योजना आयोग के सदस्य सचिव और अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया है। वहीं ऋषि गर्ग को इन अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त कर दिया गया है, जबकि वे मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक बने रहेंगे।


