भोपाल में 17 जून को होगा प्रदेश स्तरीय महाराणा प्रताप जन्मोत्सव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि
भोपाल में मनाया जाएगा प्रदेश स्तरीय महाराणा प्रताप जन्मोत्सव: महाराणा प्रताप लोक से निकलेगी भव्य शोभायात्रा, वीरता और राष्ट्रभक्ति को समर्पित होगा समारोह
भोपाल। राजधानी में 17 जून को प्रदेश स्तरीय महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से समाजजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह आयोजन वीरता, स्वाभिमान, राष्ट्रनिष्ठा और अदम्य साहस के प्रतीक मेवाड़ के महान शासक महाराणा प्रताप को समर्पित होगा।

भव्य चल समारोह का होगा आयोजन
महाराणा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने बताया कि समारोह के तहत भोपाल स्थित महाराणा प्रताप लोक में विभिन्न जिलों से आने वाले लोग एकत्रित होंगे। इसके बाद एक विशाल चल समारोह और शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा महाराणा प्रताप लोक से प्रारंभ होकर नानके पेट्रोल पंप, 1250 हॉस्पिटल और बोर्ड ऑफिस मार्ग से होते हुए महाराणा प्रताप नगर स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगी।

यात्रा को करुणाधाम आश्रम के संत शांडिल्य महाराज हरि झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। शौर्य यात्रा में आकर्षक झांकियों के साथ साथ घोड़े, डीजे बग्गी और पारंपरिक वेशभूषा में राजपूत समाज के सभी सरदार शामिल होंगे। यात्रा के समापन के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा तलवारबाजी, शौर्य प्रदर्शन, भव्य आतिशबाजी की जाएगी। आयोजकों के अनुसार इस शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रहेगी और महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।
शाम 6 बजे मुख्य कार्यक्रम में CM होंगे शामिल
चल समारोह के समापन के बाद महाराणा प्रताप नगर स्थित प्रतिमा स्थल पर मुख्य सांस्कृतिक और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के जीवन, उनके त्याग, शौर्य, पराक्रम, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों पर प्रकाश डाला जाएगा।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति भी रहेगी। आयोजन के माध्यम से युवाओं को महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेने और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भैंसोरिया ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायी आयोजन में शामिल होकर महाराणा प्रताप के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में अपना योगदान दें।

वही उन्होंने प्रधानमंत्री के ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कहा कि इस वर्ष यात्रा में पेट्रोल डीजल बचाने का विषेश संदेश देते हुए अधिकाधिक बैटरी चलित वाहनों का उपयोग किया जाएगा। जिससे ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरण फैलाया जा सके।
Varsha Shrivastava 
