NEET-UG री-एग्जाम को लेकर MP में हाई अलर्ट, 38 साइबर कमांडो करेंगे निगरानी
मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
भोपाल। NEET को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस और खुफिया विभाग ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार प्रदेश में पहली बार 38 साइबर कमांडो परीक्षा के दौरान सक्रिय रहेंगे और सोशल मीडिया सहित विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी नजर रखेंगे।
मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़े किसी भी प्रकार के पेपर लीक, अफवाह या अनियमितता को रोकने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन सहित संग्रहण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

डीजीपी कैलाश मकवाना ने निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिस अधीक्षक 20 जून तक अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। परीक्षा के 72 घंटे पहले पूरे पुलिस महकमे को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। इसके अलावा होटल, लॉज, कोचिंग संस्थानों और अन्य संदिग्ध स्थानों की भी जांच की जाएगी।
प्रदेश में इस साल 283 परीक्षा केंद्रों पर करीब 1 लाख 18 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में बनाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य सामग्री की सुरक्षित वापसी तक सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रहेगी।
Varsha Shrivastava 
