राहुल दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे, CRPF की टुकड़ी ने किया भागीरथपुरा का निरीक्षण
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जनवरी शनिवार को इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र का दौरा करेंगे। कांग्रेस सांसद पीड़ित परिवारों से सीधे मुलाकात कर स्थानीय हालात का जायज़ा लेंगे और प्रशासनिक लापरवाही की जानकारी जुटाएंगे।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जनवरी शनिवार को इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र का दौरा करेंगे। यह दौरा हाल ही में दूषित पानी के कारण हुई मौतों और गंभीर बीमारियों के बाद वहां मची चिंता और हड़कंप के बीच किया जा रहा है। राहुल गांधी पीड़ित परिवारों से सीधे मुलाकात कर स्थानीय हालात का जायज़ा लेंगे और प्रशासनिक लापरवाही की जानकारी जुटाएंगे।
सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार को सीआरपीएफ की पूरी टुकड़ी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर भागीरथपुरा का व्यापक निरीक्षण किया। डीसीपी राजेश व्यास ने अधिकारियों के साथ मिलकर घर-घर के रूट, एंट्री–एग्ज़िट पॉइंट और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था का जायज़ा लिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और संवेदनशील मार्गों पर बैरिकेडिंग भी की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी दौरे के दौरान छह महीने के मासूम अव्यान साहू, गीता बाई, अशोक सिंह और अन्य मृतक परिवारों के घर पहुंचेंगे। इसके बाद वे संस्कार मंगल गार्डन में बाकी प्रभावित परिवारों से सामूहिक रूप से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह दौरा पूरी तरह मानवीय आधार पर है और पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
इंदौर पहुंचे राष्ट्रीय समन्वयक सुशांत मिश्रा ने बताया कि राहुल गांधी पीड़ितों से सीधे बातचीत कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे, ताकि प्रशासनिक लापरवाही और स्थानीय हालात का सही आंकलन हो सके। डीसीपी राजेश व्यास ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और शहर पुलिस सीआरपीएफ के साथ समन्वय कर रही है, ताकि दौरा शांति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो।
Varsha Shrivastava 
