डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल का बड़ा फैसला: काफिले में रहेंगी कम गाड़ियां, ईंधन बचत पर जोर
मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने काफिले में कम गाड़ियां चलाने का फैसला लिया है। ईंधन बचत, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर।
भोपाल। मुख्यमंत्री के बाद अब मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भी अपने काफिले में न्यूनतम गाड़ियों के उपयोग का ऐलान किया है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।

डिप्टी सीएम ने कहा कि आगामी आदेश तक विभागीय भ्रमण, निरीक्षण और अन्य शासकीय गतिविधियों में कम से कम वाहनों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही अनावश्यक वाहन रैली, अतिरिक्त काफिलों और ईंधन की अधिक खपत वाले आयोजनों से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
राजेन्द्र शुक्ल ने विभागीय अधिकारियों से भी सादगी अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिकारी शासकीय कार्यों में सार्वजनिक परिवहन या साझा वाहन व्यवस्था को प्राथमिकता दें।
डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य और पर्यावरण के संबंध पर भी जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भोजन का सीधा संबंध जनस्वास्थ्य से है। इसी सोच के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि रासायनिक उर्वरकों के उपयोग में कमी आए, भूमि और जल की गुणवत्ता सुरक्षित रहे और लोगों को स्वस्थ अन्न मिल सके।

उन्होंने कहा कि ईंधन बचत, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक खेती स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव हैं। विभागीय अधिकारियों को इन विषयों को जनजागरूकता अभियानों में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
shivendra 
