DGP के आदेशों के बाद भी नहीं मान रहे रीवा के रीलबाज पुलिसकर्मी

रीवा यातायात थाना प्रभारी अनीमा शर्मा का वर्दी में रील बनाते वीडियो वायरल हुआ है। ये वीडियो DGP और IG के सख्त निर्देशों के बावजूद सामने आया है

DGP के आदेशों के बाद भी नहीं मान रहे रीवा के रीलबाज पुलिसकर्मी

रीवा जिले से एक बार फिर पुलिस की वर्दी में रील बनाने का मामला सामने आया है। इस बार वीडियो रीवा यातायात थाना प्रभारी अनीमा शर्मा का बताया जा रहा है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो सरकारी गाड़ी में बैठकर पूरी वर्दी में फिल्मी गाने “मैं तेरे इश्क में मर जाऊं कहीं” पर रील बनाती दिख रहीं हैं।

DGP का आदेश बेअसर

ये वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना पहले ही साफ निर्देश दे चुके हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या वीडियो नहीं बनाएगा। DGP ने इस नियम का उल्लंघन करने पर सस्पेंड करने तक की वार्निंग दी थी।

इतना ही नहीं, रीवा जोन के IG गौरव राजपूत ने भी इसको लेकर सख्त निर्देश जारी किए थे, इसके बावजूद महिला पुलिसकर्मी का ऐसे रील बनाना पुलिस डिपार्टमेंट के डिसिप्लिन पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है.

वायरल हो चुकी हैं रील्स 

दरअसल, इससे पहले रीवा जिले की सागर थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा की वर्दी में बनाई गई रील वायरल हुई थी। उसी के बाद पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने पूरे प्रदेश में ये आदेश जारी किया था कि वर्दी और सरकारी वाहन का इस्तेमाल सोशल मीडिया शो-ऑफ के लिए नहीं किया जाएगा।

अब एक बार फिर ऐसा वीडियो सामने आने से ये बहस तेज हो गई है कि पुलिस के लिए सोशल मीडिया ज्यादा जरूरी है या अपनी जिम्मेदारी और अनुशासन। वायरल रील ने आदेशों की सख्ती और उनके पालन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।