Satna News : जिला अस्पताल की NRC की घटना, CCTV कैमरे में कैद हुई संदेही की करतूत
Satna News : स्टाफ के अनुसार चोर दो मरीजों के मोबाइल एवं पर्स से पांच सौ रुपए चोरी कर फरार हो गया। यह सब घटनाएं दस मिनट के अंतराल में ही की गई।
Satna News : सतना। जिला अस्पताल परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केन्द्र (NRC) में मंगलवार- बुधवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे चोरी की घटना सामने आई। बताया गया कि चोर ने भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं पर स्प्रे डालने के बाद उनके पास रखे दो मोबाइल फोन और एक पर्स से करीब 500 रुपए नगदी चोरी कर लिया। घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा सिटी कोतवाली थाना को पत्र लिखकर घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में नैदानिक केन्द्र से लाखों के कई इलेक्ट्रानिक उपकरण एवं मशीनों के चोरी की घटना सामने आई थी। सवाल यह उठता है कि रात में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती एवं परिसर में पुलिस चौकी की स्थापना होने के बावजूद लगातार घटनाएं घटित हो रहीं हैं।
क्या है पूरा मामला
सिटी कोतवाली को दिए गए आवेदन के अनुसार जिला अस्पताल स्थित एनआरसी वार्ड में मंगलवार- बुधवार की रात डेढ़ बजे चोर ने वार्ड के बाहर लगे जाली वाले गेट को काटा और वार्ड के अंदर घुस गया। काफी देर तक वार्ड के अंदर ही चोर द्वारा रैकी की गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि चोर के पास स्प्रे पावडर था, जिससे परिसर के अंदर भर्ती बच्चों की माताओं को बेहोश किया गया।
वार्ड के अंदर तीन महिलाएं अपने चार बच्चों के साथ आराम कर रही थीं, वहीं स्टाफ के रूप में एक नर्स और एक केयर टेकर अपने कार्य में लगे थे। चोर द्वारा सभी को स्प्रे से बेहोश कर चोरी को अंजाम दिया गया।
स्टाफ के अनुसार चोर दो मरीजों के मोबाइल एवं पर्स से पांच सौ रुपए चोरी कर फरार हो गया। यह सब घटनाएं दस मिनट के अंतराल में ही की गई। प्रबंधन द्वारा सिटी कोतवाली थाने को पत्र के साथ सीसीटीवी फुटेज के साक्ष्य भी दिए गए हैं।
फुटेज से ही खुलेगा राज
अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई सूचना के बाद अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और घटना की पूरी कड़ी सामने आने की उम्मीद है। सबसे अहम सवाल यह है कि देर रात एनआरसी तक संदिग्ध व्यक्ति कैसे पहुंचा और वारदात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कितनी सक्रिय थी?
इनका कहना है
देर रात डेढ़ बजे चोरी की घटना घटित हुई, वार्ड इंचार्ज द्वारा ढाई बजे फोन कर सूचना दी गई। बुधवार की सुबह सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर एवं सीसीटीवी कैमरों के फुटेज संकलित कर दिए गए हैं।
डॉ. धीरेन्द्र वर्मा, सहायक प्रबंधक जिला अस्पताल

