Satna Fire News : कामता टोला के तीन मंजिला मकान में भीषण आग, तीन लोगों का रेस्क्यू

Satna Fire News : सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं। मकान में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Satna Fire News : कामता टोला के तीन मंजिला मकान में भीषण आग, तीन लोगों का  रेस्क्यू

Satna Fire News : मध्य प्रदेश सतना के नगर निगम क्षेत्र के कामता टोला में शुक्रवार दोपहर पन्नी कारोबारी के तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं। मकान में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को भी खाली कराया गया।

जानकारी के मुताबिक कामता टोला निवासी पन्नी कारोबारी विपिन गुप्ता के तीन मंजिला मकान की सबसे ऊपरी मंजिल में शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद परिवार के सदस्य किसी तरह मकान से बाहर निकल आए। 

आग तेजी से फैलने के कारण दूसरी मंजिल पर घर में काम करने वाला अनिल कुशवाहा और दो महिलाएं फंस गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

आग की भयावहता को देखते हुए नगर निगम के तीन दमकल वाहन मौके पर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने मकान के ऊपरी हिस्से तक पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की गर्मी और लपटों के कारण मकान की दीवारों में कई जगह दरारें आने की बात सामने आई है। आग फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के मकानों को भी खाली कराया।

AC में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और मकान में हुए नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। संबंधित विभागों की टीम घटना की जांच कर रही है।