Shahdol Train Accident: चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश पड़ी भारी, महिला का कटा पैर; बचाने दौड़ी महिला आरक्षी का VIDEO वायरल

मध्य प्रदेश के शहडोल रेलवे स्टेशन पर चलती बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश में महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। हादसे में उसका एक पैर कट गया। महिला आरक्षी आभा तिवारी का बचाव का लाइव वीडियो वायरल हो रहा है।

Shahdol Train Accident: चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश पड़ी भारी, महिला का कटा पैर; बचाने दौड़ी महिला आरक्षी का VIDEO वायरल

Shahdol Train Accident: मध्य प्रदेश के शहडोल रेलवे स्टेशन पर हुए दर्दनाक हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि चलती बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश कर रही एक महिला अचानक संतुलन खो बैठती है और ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरती है. हादसे में महिला का एक पैर कट गया. इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हादसा टल नहीं सका.

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना शहडोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की है. जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हो रही थी. इसी दौरान स्लीपर कोच S-2 में सफर कर रही एक महिला चलती ट्रेन से उतरने लगी. जैसे ही महिला ने उतरने की कोशिश की, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरी. हादसा इतना गंभीर था कि महिला का एक पैर कट गया.

महिला आरक्षी ने दिखाई बहादुरी

घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहीं महिला आरक्षी आभा तिवारी तुरंत महिला की ओर दौड़ती दिखाई देती हैं. उन्होंने महिला के कपड़े पकड़कर उसे बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की रफ्तार के कारण हादसा नहीं टल सका.

एंबुलेंस में देरी, ऑटो से पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची. ऐसे में RPF जवानों ने बिना देर किए घायल महिला को स्ट्रेचर पर लिटाया और ऑटो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है.

रेलवे की अपील

इस हादसे के बाद रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कभी न करें. कुछ सेकंड बचाने की कोशिश आपकी जान पर भारी पड़ सकती है. रेलवे का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही जिंदगीभर का दर्द बन सकती है.