मैहर में आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ के नीचे खड़ी 22 बकरियों की मौत

मैहर जिले के ग्राम पंचायत खारा में आकाशीय बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़ी 22 बकरियों की मौत हो गई. प्रशासन ने सर्वे शुरू कर प्रभावित पशुपालकों को आर्थिक सहायता देने की बात कही.

मैहर में आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ के नीचे खड़ी 22 बकरियों की मौत

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले की रामनगर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खारा में आकाशीय बिजली गिरने से 22 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर रामकुमार यादव अपनी 7 बकरियां, कुल्ली यादव 1 बकरी और भुरा यादव 14 बकरियां चराने के लिए जंगल क्षेत्र में ले गए थे. दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई.

बारिश से बचने के लिए सभी बकरियां पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गईं. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी. बिजली की चपेट में आने से सभी 22 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू किया.

प्रशासन ने बताया कि पंचनामा और सर्वे की कार्रवाई पूरी होने के बाद प्रभावित पशुपालकों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.