रीवा का स्ट्रीट किचन बंद, जोमैटो से मंगाई वेज बिरयानी में निकला कीड़ा
रीवा में एक ग्राहक को Zomato से मंगाई गई वेज बिरयानी में कीड़ा मिला। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच की, जिसमें स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की कमी और कई अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित कर उसे बंद करा दिया गया।
अगर आप भी ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने के शौकीन हैं और बिना सोचे-समझे ऐप से खाना मंगाकर खा लेते हैं, तो ये खबर आपके लिए है। क्योंकि रीवा में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर आपका भी बाहर का खाना खाने का मन खराब हो सकता है।
रीवा में एक ग्राहक ने Zomato से वेज बिरयानी ऑर्डर की थी। लेकिन जब उसने खाने का पैकेट खोला, तो बिरयानी में मसाले और सब्जियों के साथ एक कीड़ा भी निकला। मामले की शिकायत सीधे खाद्य सुरक्षा विभाग तक पहुंची।
शिकायत मिलते ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम हरकत में आई और कलेक्टर रीवा के निर्देश पर मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत ताला हाउस स्थित स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट में जांच की गई। जांच में जो तस्वीर सामने आई, उसने कई सवाल खड़े कर दिए। अधिकारियों ने पाया कि रेस्टोरेंट का किचन खुले में संचालित हो रहा था।
साफ-सफाई के नाम पर लापरवाही थी, स्वच्छता के जरूरी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और कई अनियमितताएं भी मिलीं। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में खाने में कीड़े, धूल-मिट्टी और दूसरे दूषित तत्व पहुंचने की आशंका बनी रहती है, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।
इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है और जरूरी सुधार होने तक रेस्टोरेंट को बंद करा दिया गया है।
Saba Rasool 
