AIIMS भोपाल की लिफ्ट में महिला कर्मचारी से चेन स्नेचिंग, मंगलसूत्र लेकर भागा आरोपी
देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में गिने जाने वाले एम्स भोपाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रविवार शाम अस्पताल परिसर की एक लिफ्ट में महिला कर्मचारी के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एम्स की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में आ गई है।
भोपाल: देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में गिने जाने वाले एम्स भोपाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रविवार शाम अस्पताल परिसर की एक लिफ्ट में महिला कर्मचारी के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एम्स की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में आ गई है।
जानकारी के अनुसार, स्त्री रोग विभाग में कार्यरत अटेंडर वर्षा सोनी ड्यूटी के दौरान ब्लड बैंक के पीछे स्थित लिफ्ट से जा रही थीं। उसी समय मास्क लगाए एक युवक लिफ्ट में घुसा और बातचीत के बहाने नेत्र विभाग का फ्लोर पूछने लगा।
जैसे ही लिफ्ट तीसरी मंज़िल पर रुकी, युवक बाहर निकला और अचानक पलटकर महिला के गले पर झपट पड़ा। उसने मंगलसूत्र और सोने की माला छीनने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धक्का दिया और सीढ़ियों की ओर भागते हुए मंगलसूत्र लेकर फरार हो गया। माला टूटकर लिफ्ट में ही गिर गई। पीड़िता ने आरोपी का पीछा भी किया लेकिन आरोपी फरार हो गया था।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि वारदात के समय लिफ्ट के आसपास कोई भी सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। घटना के बाद पीड़िता काफी देर तक सदमे में वहीं बैठी रही। बाद में एक सुरक्षाकर्मी ने मामले की सूचना अधिकारियों को दी। महिला ने बागसेवनिया थाने में शिकायत दी है।
बताया जा रहा है कि रविवार और 26 जनवरी की छुट्टी के चलते अस्पताल में भीड़ कम थी, जिसके कारण कई हिस्सों में सुरक्षा घटा दी गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद आईपीडी गेट से बाहर निकल गया। चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी होने के कारण उसकी पहचान में दिक्कत आ रही है।
एम्स परिसर में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन लिफ्ट के अंदर महिला कर्मचारी को निशाना बनाकर की गई यह पहली चेन स्नेचिंग की घटना है। मामले के उजागर होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
pushpendra 
