MP में ठंड का कहर, भोपाल में 10 साल की सबसे सर्द जनवरी
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से निचे तक पहुंच गया है।
भोपाल:मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।प्रदेश में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। उमरिया में सबसे कम 3.9 डिग्री रहा। राजगढ़-खजुराहो में 4.5 डिग्री, शिवपुरी में 5 डिग्री और रीवा में 5.8 डिग्री रहा।
विजिबिलिटी कम ,सड़कों पर थमी रफ्तार
आधे से ज्यादा प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ है.वहीं शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। राजधानी भोपाल में जनवरी की ठंड ने पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।इससे पहले 2015 के बाद ऐसा न्यूनतम तापमान दर्ज नहीं किया गया था। ग्वालियर-चंबल अंचल में बेहद कम विजिबिलिटी के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है, जबकि उज्जैन, जबलपुर, रीवा और सतना समेत कई जिले कोहरे की चपेट में हैं. दतिया में सुबह के समय विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रिकॉर्ड की गई। ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में सड़कों पर धुंध की मोटी परत छाई रही।
दिन के तापमान में भारी गिरावट
सिर्फ रात ही नहीं, बल्कि दिन के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को दतिया में अधिकतम तापमान महज 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। श्योपुर में 18.2, नौगांव में 18.5, ग्वालियर में 18.9 और खजुराहो में 20.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।भोपाल और दमोह में दिन का पारा 21.8 डिग्री तक पहुंचा, जबकि रतलाम और गुना में 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई जिलों में स्कूल की छुट्टी
मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, राजगढ़ और शाजापुर में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में रातें बेहद सर्द और दिन भी ठंडे बने हुए हैं। तेज ठंड के चलते इंदौर, रायसेन, ग्वालियर और,आगर मालवा नर्मदापुरम में बुधवार को भी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं, जबकि भोपाल समेत कुछ जिलों में स्कूल सुबह 9 बजे के बाद खोले जाएंगे। लगातार बढ़ती ठंड से खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
sanjay patidar 
