25 महिला सुपर बाइकर्स के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ‘क्वीन्स ऑन द व्हील्स’ को दिखाई हरी झंडी
इस अभियान के तहत देशभर से आईं 25 महिला बाइकर्स भोपाल से खजुराहो तक करीब 1,400 किलोमीटर की बाइक यात्रा करेंगी। यह कार्यक्रम 7 मार्च से 14 मार्च तक चलेगा।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Mohan Yadav) ने मुख्यमंत्री निवास से ‘क्वीन्स ऑन द व्हील्स’ की 25 महिला सुपर बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष बाइक ट्रेल महिला दिवस के अवसर पर आयोजित की जा रही है। इस अभियान के तहत देशभर से आईं 25 महिला बाइकर्स भोपाल से खजुराहो तक करीब 1,400 किलोमीटर की बाइक यात्रा करेंगी। यह कार्यक्रम 7 मार्च से 14 मार्च तक चलेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी बहनें 1400 किलोमीटर की साहसिक यात्रा पूरी करेंगी। यह पहल महिलाओं के साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में 7 राज्यों से महिला बाइकर्स शामिल हुई हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों से संवाद करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पर्यटन विकास निगम भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि साहस व्यक्ति को आगे बढ़ाता है। प्रदेश में सड़कें बेहतर और सुरक्षित हुई हैं, जिससे यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने बाइकर्स से यात्रा के दौरान आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से सहयोग लेने की भी अपील की।

Varsha Shrivastava 
