शिवपुरी में गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या

शिवपुरी में गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या युवती के परिजनों ने रातभर बंधक बनाकर मारा, शव नाले में फेंका 5 पर केस

शिवपुरी में गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या

MP के शिवपुरी में गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे 26 वर्षीय युवक की युवती के परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना 29 मार्च की है। 30 मार्च सुबह उसका शव गांव के पास नाले में मिला। पुलिस ने युवती के पिता, दादा सहित 5 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव निवासी अर्जुन पाल का कोलारस की 20 वर्षीय युवती से प्रेम-प्रसंग था। 30 मार्च को युवती की सगाई तय थी। उसने अर्जुन को जानकारी दी, जिसके बाद दोनों ने भागने की योजना बनाई। 29 मार्च की शाम अर्जुन अपने रिश्तेदार कल्ला पाल के साथ कोलारस पहुंचा। रात करीब 1 बजे दोनों युवती के घर के पास पहुंचे, लेकिन पहले से सतर्क परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया। कल्ला मौके से भाग निकला, जबकि अर्जुन को परिजन घर ले गए।

सुबह नाले में मिला शव, दादा खुद थाने पहुंचा

आरोप है कि परिजनों ने अर्जुन को घर में बंधक बनाकर रातभर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर से करीब 100 मीटर दूर नाले में फेंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पहचान अर्जुन पाल के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि युवती का दादा खुद थाने पहुंचा और मारपीट की जानकारी दी।

6 माह पहले हुई थी मुलाकात, बढ़ता गया प्रेम संबंध

कल्ला पाल के मुताबिक अर्जुन पास के एक कृषि फार्म पर मजदूरी करता था। करीब 4-6 माह पहले उसी फार्म पर युवती भी काम करने आई थी, जहां दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबर बदले और बातचीत शुरू हो गई।

12 फरवरी को परिजनों ने पकड़ लिया था

12 फरवरी को परिजनों ने युवती को फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। अलग-अलग समाज होने के कारण परिवार ने उस पर पाबंदियां लगा दी थीं। परिजनों को प्रेम संबंध का पता चलने के बाद अर्जुन को फोन पर धमकियां दी जा रही थीं। इसके चलते वह कोलारस छोड़कर ट्रक पर काम करने चला गया था, हालांकि दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

भागने की प्लानिंग फेल, परिजन पहुंए गए

 कल्ला के मुताबिक अर्जुन ने उसे फोन कर युवती को भगाने में मदद मांगी थी। प्लान था कि युवती खुद घर से निकलेगी और वे बस से शिवपुरी जाकर कोर्ट मैरिज करेंगे। लेकिन युवती की जगह उसके परिजन मौके पर पहुंच गए और हमला कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस

कल्ला पाल की शिकायत पर पुलिस ने युवती के पिता, दादा और तीन अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के अनुसार, आरोपियों की तलाश जारी है।