Bhopal: बैरसिया MLA का वेयर हाउस ब्लैक लिस्टेड, सहकारी समिति पर भी कार्रवाई
भोपाल के बैरसिया विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस को गेहूं भंडारण के मामले में ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। खाद्य विभाग ने सहकारी समिति पर भी कार्रवाई करते हुए इस साल खरीदी रोक दी और बारदाना वापस लेने के निर्देश दिए।
भोपाल के बैरसिया से विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। खाद्य विभाग ने विधायक के भागवती वेयरहाउस और बारदाना देने वाली सहकारी समिति पर भी कार्रवाई की। बीजेपी विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस में सरकारी खरीदी से पहले ही 6522 क्विंटल गेहूं रखा मिला था।

खाद्य विभाग को विधायक के वेयरहाउस में गेहूं रखे होने की शिकायत मिली थी। शिकायत में कहा गया था कि वेयरहाउस में 6522.50 क्विंटल गेहूं है, जिसमें से 5 हजार क्विंटल (500 टन) गेहूं 50-50 किलो के 11 हजार नए बोरों में भरकर रखा है, जिसकी कुल कीमत 1.43 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

कार्रवाई के दौरान फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि जिस वेयरहाउस में गेहूं मिला है, उसमें इस साल खरीदी नहीं की जाएगी। साथ ही जिस सहकारी समिति ने बारदाना उपलब्ध कराया था, उसे भी ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
वहीं जांच समिति ने फैसला लिया है कि जिन किसानों से गेहूं खरीदा गया था, अब उनसे खरीदी नहीं की जाएगी और नागरिक आपूर्ति निगम को बारदाना वापस किया जाएगा।


