भोपाल में 1.33 करोड़ की कार्रवाई: 170 किलो गांजा और ट्रक जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
भोपाल क्राइम ब्रांच ने 170 किलो 90 ग्राम गांजा और आइशर ट्रक समेत 1.33 करोड़ रुपए का मशरूका जब्त किया है. मामले में एक आरोपी गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है.
भोपाल। राजधानी भोपाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 170 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे आइशर ट्रक समेत कुल करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कोलार रोड स्थित गोल जोड़ तिराहा के पास एक आइशर ट्रक खड़ा है, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की घेराबंदी की और जांच शुरू की।

छह बोरियों में मिला 170 किलो गांजा
ट्रक की तलाशी लेने पर उसके पीछे रखी छह प्लास्टिक की बोरियों से कुल 170 किलो 90 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है।
ट्रक और अन्य सामान भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे आइशर ट्रक को भी जब्त कर लिया। इसके अलावा ट्रक में 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां भी मिलीं, जिन पर NALCO अंकित था। पुलिस इन सिल्लियों की वैधता और उनके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच
क्राइम ब्रांच ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

