BJP का सेवा संकल्प अभियान 17 से : यात्री परिवहन विजन समिट 2026 का शुभारंभ, CM बोले- MP में बनेंगे 6 एक्सप्रेस-वे
Passenger Transport Vision Summit 2026 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में ‘यात्री परिवहन विजन समिट 2026’ का शुभारंभ किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
BJP Seva Sankalp Abhiyan : मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में ‘यात्री परिवहन विजन समिट 2026’ का शुभारंभ किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान प्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न पहल सामने रखी गईं। कार्यक्रम में परिवहन क्षेत्र से जुड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों का अवलोकन
समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के तहत संचालित की जाने वाली बसों का अवलोकन किया। उन्होंने बसों की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस सेवा का उद्देश्य यात्रियों के लिए परिवहन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है।


प्रदर्शनी का भी किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने समिट में लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया। प्रदर्शनी में यात्री परिवहन से जुड़े विभिन्न मॉडल और व्यवस्थाओं को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और परिवहन क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली नई तकनीक और सुविधाओं की जानकारी ली।

नेटवर्किंग एवं एक्सपो का उद्घाटन
समिट के दौरान ‘नेटवर्किंग एवं एक्सपो’ का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस एक्सपो में परिवहन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों और हितधारकों की भागीदारी रही। इसका उद्देश्य परिवहन क्षेत्र में काम कर रहे लोगों और संस्थानों को एक मंच उपलब्ध कराना है।

मंत्रियों ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंत्रियों ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके साथ ही जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी पुष्प-गुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। समिट में प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को लेकर आगे की योजनाओं पर चर्चा हुई।


सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से
बीजेपी का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान सेवा गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों से देश व मध्यप्रदेश में हुए बदलावों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। यह जानकारी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की में दी है। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, मध्य प्रदेश 6 एक्सप्रेस- वे बनाये जायेंगे। पीथमपुर से मुंबई तक आठ लेन एक्सप्रेस-वे तैयार है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, सागर में अपराधी का एनकाउंटर हुआ है कल अपराधियों के मकान भी तोड़े गए। डॉ. यादव ने वैश्विक स्तर पर बढ़ा भारत का प्रभाव बढ़ने और आर्थिक विकास दर 7.8% रहने की बात भी कही।

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अभियान की शुरुआत होगी। 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रदेश के करीब 18 हजार बूथों पर दीपोत्सव किया जाएगा। लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा। इसके साथ सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थानों पर भी कार्यक्रम होंगे।
सागर में पुलिस की एनकाउंटर कार्रवाई। सरकार ने साफ कहा—अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।#Sagar #MPPolice #Encounter #LawAndOrder pic.twitter.com/dhxyfBucE4
— Public Vani News (@publicvaninews) September 11, 2026
25 साल के सार्वजनिक जीवन और उपलब्धियों की जानकारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल में देश में हुए बदलावों को भी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए बताया जाएगा। भाजपा का यह अभियान पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचेगा। इसका मुख्य उद्देश्य सेवा गतिविधियों के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना है।

97 हजार आंगनवाड़ियों में होगा ‘आंगन मिलन’
अभियान के तहत प्रदेश की 97 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। तीन दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया जाएगा। बच्चों और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। भाजपा ने महिला केंद्रित गतिविधियों को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया है।
स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम
सरकारी और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विकसित भारत की सोच को लेकर स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा ‘नमो सेवा अनकही कहानी’ के तहत प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन पर 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां भी होंगी।

ज्योति कलश यात्रा और शिव सेतु अभियान
7 अक्टूबर को ‘ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके तहत जनसेवा से जुड़े 25 कार्यों को चिन्हित कर छोटी पदयात्राएं और साइकिल यात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘शिव सेतु अभियान’ के तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों को जोड़ने के लिए तीन दिन के शिविर लगाए जाएंगे। जिन पात्र लोगों को अब तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उन्हें सेवा केंद्रों के माध्यम से जोड़ने का प्रयास होगा।
11,400 शक्ति केंद्रों पर बताई जाएगी बदलाव की कहानी
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम प्रदेश के करीब 11,400 शक्ति केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें झांकियों और प्रस्तुतियों के जरिए देश में हुए बदलावों की जानकारी दी जाएगी। भाजपा के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल में हुए बदलावों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

CM डॉ. मोहन यादव ने मोदी के नेतृत्व की सराहना की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल के बावजूद भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है। कोविड काल में भारत के काम का भी उन्होंने उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल और वहां हुए विकास का भी जिक्र किया।

प्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पीथमपुर से मुंबई तक आठ लेन एक्सप्रेस-वे तैयार है। इसके साथ सागर में अपराधियों के खिलाफ हुई कार्रवाई का भी उन्होंने उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भारत की आर्थिक विकास दर और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव का भी जिक्र किया।

