छतरपुर: 3 साल के प्रेम के बाद दो युवतियों ने की कोर्ट मैरिज, परिवार की सहमति से साथ रहने का फैसला

छतरपुर जिले की पूजा और यूपी के महोबा की हेमा ने 3 साल के प्रेम संबंध के बाद दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली। दोनों युवतियों ने परिवार की सहमति से साथ रहने का फैसला किया।

छतरपुर: 3 साल के प्रेम के बाद दो युवतियों ने की कोर्ट मैरिज, परिवार की सहमति से साथ रहने का फैसला

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में समलैंगिक विवाह का एक मामला सामने आया है. यहां की रहने वाली एक युवती ने उत्तर प्रदेश की युवती से प्रेम विवाह कर लिया. दोनों पिछले तीन साल से रिश्ते में थीं और बालिग होने के बाद उन्होंने दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली.

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी की रहने वाली हेमा और छतरपुर जिले के लवरहा गांव की पूजा के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध था. दोनों ने बालिग होने के बाद अपने रिश्ते को नाम देने का फैसला किया और दिल्ली जाकर कोर्ट मैरिज कर ली. दोनों युवतियों का कहना है कि शुरुआत में उनके परिवारों ने इस रिश्ते का विरोध किया था, लेकिन बाद में उनकी जिद और एक-दूसरे के प्रति समर्पण को देखते हुए परिवार के लोग भी मान गए.

हेमा खुद को इस रिश्ते में पति की भूमिका में बताती हैं. उनका कहना है कि वह और पूजा अब जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाएंगी. उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में जरूरत महसूस हुई तो वे बच्चा गोद लेने पर भी विचार कर सकती हैं. हेमा के मुताबिक बचपन से ही उनके रहन-सहन और तौर-तरीके लड़कों जैसे रहे हैं. दोनों का कहना है कि वे अपने रिश्ते से बेहद खुश हैं और किसी भी स्थिति में अलग नहीं होना चाहतीं.

गौरतलब है कि छतरपुर जिले में इससे पहले भी युवतियों के समलैंगिक विवाह के कुछ मामले सामने आ चुके हैं। इस घटना के बाद इलाके में इस विषय को लेकर चर्चा का माहौल है.