सोनकच्छ में ड्रोन से पकड़ी 686 किलो गांजे की खेती: एक बीघा खेत में उगाए थे 354 पौधे

देवास में पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: सोनकच्छ थाना क्षेत्र में पुलिस ने 686 किलो फसल की जब्त, ड्रोन ने खोली गांजे की खेती की पोल

सोनकच्छ में ड्रोन से पकड़ी 686 किलो गांजे की खेती: एक बीघा खेत में उगाए थे 354 पौधे

देवास जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 686 किलो गांजे की फसल जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी विक्रांत झंझोट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काछीपुराडिया से दूर एक खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। खेत की लोकेशन दूरस्थ होने के कारण पुलिस ने पहले ड्रोन कैमरे की मदद से सूचना की तस्दीक कराई।

ड्रोन में दिखाई दिए गांजे के पौधे

ड्रोन से खेत में गांजे के पौधे दिखाई देने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, खेत में 354 गांजे के पौधे मिले, जिनका कुल वजन करीब 686 किलोग्राम बताया गया है। आरोपी की पहचान प्रेम सिंह पिता चंद्र सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है।

एक बीघा जमीन में हो रही थी खेती

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक बीघा जमीन में गांजे की खेती कर रखी थी। कार्रवाई सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, जो देर रात तक चली। पुलिस टीम ने गांजे के पौधों को जड़ से उखाड़कर जब्त किया।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।