गांधी-शास्त्री जयंती: कलेक्ट्रेट से कॉलेज तक स्वच्छता का महाअभियान, विधायक से लेकर अधिकारियों ने लगाया झाड़ू
मऊगंज में धूमधाम से मनी गांधी-शास्त्री जयंती, गांधी पार्क हनुमना में प्रतिमा अनावरण, स्वच्छता मित्रों का हुआ सम्मान, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर किया जागरूक, प्लास्टिक मुक्त भारत और स्वच्छता को जीवनशैली बनाने की दिलाई शपथ
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत जगह-जगह गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वच्छता का संदेश केवल शब्दों में नहीं, बल्कि स्वयं झाड़ू लगाकर व्यवहार में उतारा। विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

केदारनाथ महाविद्यालय में माल्यार्पण और श्रमदान
गांधी जयंती के अवसर पर शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय मऊगंज में विधायक प्रदीप पटेल और अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इस दौरान परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित शहीद केदारनाथ की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

विधायक प्रदीप पटेल ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी को प्रेरित होना होगा।
प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों से प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने, वैकल्पिक साधनों को अपनाने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की गई। प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

विधायक प्रदीप पटेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने सहित स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
गांधी पार्क हनुमना में प्रतिमा अनावरण समारोह
गांधी जयंती के अवसर पर विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने नगर परिषद हनुमना स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नवनिर्मित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जनभागीदारी से जुड़ा संकल्प है। प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दे।

स्वच्छता मित्रों का सम्मान, सेवा को मिला सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया। स्वच्छता कर्मियों को समाज के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर की व्यवस्था में महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इसके बाद वरिष्ठजनों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, नगर परिषद अध्यक्ष मऊगंज बृजवासी पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित गणमान्य पत्रकार, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने श्रमदान में भी हिस्सा लिया।
Varsha Shrivastava 
