इंदौर में डॉक्टर ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 51 रोबोटिक बैरिएट्रिक सर्जरी

इंदौर के डॉ. मोहित भंडारी ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘सर्जिकल स्वराज’ पहल के तहत एक दिन में 51 रोबोटिक बैरिएट्रिक सर्जरी कर नया रिकॉर्ड बनाया।

इंदौर में डॉक्टर ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 51 रोबोटिक बैरिएट्रिक सर्जरी

इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदौर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। प्रसिद्ध बैरिएट्रिक एवं रोबोटिक सर्जन डॉ. मोहित भंडारी और उनकी टीम ने ‘सर्जिकल स्वराज’ पहल के तहत एक ही दिन में 51 रोबोटिक बैरिएट्रिक सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कीं। इस उपलब्धि को रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक मोटापा उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अभियान के तहत 50 से अधिक मरीजों की वजन घटाने से जुड़ी रोबोटिक बैरिएट्रिक सर्जरी की गई। सर्जरी में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम के साथ एनेस्थिसियोलॉजिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन और अन्य विशेषज्ञों की टीम ने समन्वय के साथ काम किया। सर्जरी कराने वाले मरीजों में 30 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल थीं। मरीजों की औसत आयु 43.6 वर्ष और औसत वजन करीब 122 किलोग्राम बताया गया।

डॉ. मोहित भंडारी के मुताबिक ‘सर्जिकल स्वराज’ का उद्देश्य केवल बड़ी संख्या में सर्जरी करना नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक, बेहतर योजना, टीमवर्क और क्लिनिकल विशेषज्ञता के जरिए भारतीय हेल्थकेयर की क्षमता को सामने लाना है। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस पहल को मेडिकल टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर भारत की भावना से भी जोड़ा गया।

डॉ. मोहित भंडारी अब तक 40 हजार से अधिक बैरिएट्रिक सर्जरी कर चुके हैं। उनका संस्थान ‘मोहक बैरिएट्रिक्स एंड रोबोटिक्स’ एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अधिक संख्या में बैरिएट्रिक सर्जरी करने वाले केंद्र के रूप में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित होने का दावा करता है। इस उपलब्धि के बाद इंदौर का नाम रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक मोटापा उपचार के क्षेत्र में एक बार फिर चर्चा में है।