गुरु पूर्णिमा पर पूरे MP में मनेगा महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व, CM मोहन यादव करेंगे श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत
गुरु पूर्णिमा पर पूरे मध्यप्रदेश में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत करेंगे, जिसमें 102 मेधावी छात्रों को ₹1 लाख की छात्रवृत्ति मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर इस वर्ष 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे मध्यप्रदेश में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में गुरु-पूजन, सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम, छात्र-शिक्षक संवाद तथा भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ भी करेंगे। इस योजना का आयोजन श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा किया जा रहा है।
योजना के तहत आयोजित प्रतियोगिता भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जित 14 विद्याओं, 64 कलाओं, महर्षि सांदीपनि और भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित होगी। इसमें चयनित 102 मेधावी छात्र-छात्राओं को ₹1 लाख की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, छात्रों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।

